नई दिल्ली। राजधानी के जनपथ मार्केट में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर हैंडलूम एक्सपो का आयोजन वस्त्र मंत्रालय की तरफ से किया गया। एक्सपो के जरिए बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी गई। इसमें दूर-दूराज से भारी संख्या में आये लोगों ने हिस्सा लिया। इस प्रदर्शनी में हाथों से बुने हुए हथकरघा उत्पाद साड़ियां, दुपट्टे, शॉल और घरेलू सजावट का सामान प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में देशभर की प्रसिद्ध साड़ियां और शॉलों के स्टॉलों ने लोगों को आकर्षित किया। एक्सपो में मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों की साड़ियां और शॉल आम जनता को खूब पसंद आ रही है। वहीं, प्रिंटेड दुपट्टे और हाथों के बने खिलौनों की मांग भी एक्सपो में देखी जा रही है।
कश्मीर और लद्दाख के पहनावे की झलक इस एक्सपो का मुख्य बिंदु बना हुआ है। दुकानदार रियाज अहमद शाह ने बताया, हैंडलूम एक्सपो से अच्छा रिस्पांस आ रहा है। एक्सपो में ग्राहक पश्मीना शॉल और साड़ियों की मांग ज्यादा कर रहे हैं। उन्होंने बताया, दूर-दराज से लोग महज पश्मीना शॉल की खरीददारी करने आ रहे हैं। वहीं दूसरे दुकानदार अकरम अंसारी बताते हैं, हैंडलूम एक्सपो में मध्यप्रदेश का चंदेरी कपड़ा काफी लोकप्रिय है। ग्राहकों में एक्सपो को लेकर काफी उत्सुकता देखी जा रही है। बता दें कि यह हैंडलूम एक्सपो 13 नवंबर से 22 नवंबर तक जारी रहेगा।