स्कूल में साढ़े तीन साल के बच्चे से दरिंदगी का मामला
देर शाम परिजन वापस लौटे, काउंसलिंग भी नहीं हो सकी
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। जाफराबाद इलाके के प्ले स्कूल में साढ़े तीन साल के बच्चे के साथ दरिंदगी के मामले में पुलिस की जांच जारी है। मंगलवार को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सामने बच्चे के माता-पिता के बयान दर्ज होने थे, लेकिन कुछ कारणों से दर्ज नहीं हो पाए। देर शाम परिजन वापस लौट आए। मंगलवार को काउंसलिंग भी नहीं हो सकी।
बच्चे की स्थिति फिलहाल स्थिर है। बुधवार एक बार फिर बच्चे की एमएलसी करवाई जाएगी। वहीं बच्चे के परिजनों का आरोप है कि मामले में पुलिस की जांच सुस्त है। पुलिस ने अभी तक महज आया को ही गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज में क्लास में मौजूद टीचर भी बच्चे के साथ मारपीट करती हुई दिख रही है।
मामले की जांच कर रहे एक अधिकारी ने बताया कि दरिंंदगी के मामले में पुलिस बहुत बारीकी से जांच कर रही है। लगातार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से गहन जांच की जा रही है। इसके अलावा बच्चे की क्लास से जुड़ी सभी टीचर का एक-एक बयान दर्ज किया जा रहा है। स्कूल के बाकी स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।
जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं बच्चे के परिजनों का कहना है कि उनके बेटे के दिमाग पर गहरा सदमा लगा है। डॉक्टर कह रहे हैं कि कुछ समय की काउंसलिंग के बाद वह धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगा। इस पूरे मामले में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नजर रखे हुए हैं।
बता दें कि जाफराबाद के प्ले स्कूल में साढ़े तीन साल के मासूम के साथ टीचर और आया ने दरिंदगी की। उसको कुर्सी से बांधकर पीटा गया। इसके अलावा भूखा भी रखा गया। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल की डायरेक्टर, प्रिंसिपल, टीचर और आया के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया था। गड़बड़ियां मिलने पर दिल्ली सरकार के आदेश पर स्कूल को सील कर दिया गया है।