-जाम और अतिक्रमण से परेशान हो गए हैं मार्केट के व्यापारी
-बाजार में फैला तारों का जाल, हादसे का रहता है खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। पांडव नगर मार्केट एसोसिएशन के व्यापारी जाम और अतिक्रमण से परेशान हो गए हैं। यही नहीं, बिजली और इंटरनेट के तारों ने पूरे बाजार में मकड़जाल बना लिया है। ऐसे में हादसे का डर सता रहा है। बाजार में कई वर्षों से सीवर की पाइपलाइन नहीं बदली गई है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। उनका आरोप है कि स्थानीय प्रशासन से कई बार शिकायत की गई है, लेकिन इसके बावजूद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
व्यापारियों ने बताया, बाजार में लोगों ने फुटपाथ पर ही नहीं, सड़कों तक कब्जा कर लिया है। आलम यह है कि लोगों को पीक ऑवर में पैदल चलने तक की जगह नहीं मिलती है। सड़कों पर ई-रिक्शा चालक और ऑटो चालक दिन भर खड़े रहते हैं। गाद जमी होने से सीवर का पानी बाजार और कॉलोनियों में बहता रहता है। सीवरों की कई महीनों से सफाई नहीं की गई है। वहीं, बाजार में बने शौचालयों की स्थिति भी बदहाल है। उसकी भी सफाई नहीं होती है।
जाम की चपेट में आ जाती है फायर और एंबुलेंस की गाड़ियां
व्यापारियों ने दावा किया कि गलियों और फुटपाथ पर रेहड़ी पटरी वालों ने कब्जा कर लिया है। ऐसे में जाम लग जाता है। उन्होंने बताया, आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं। ऐसे में मरीजों की जान को खतरा बना रहता है। इसके अलावा आग लगने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी जल्दी अंदर नहीं आ पाती हैं।
व्यापारियों से बातचीत:
बाजार में कई वर्षों से सीवर को नहीं बदला गया है, जिसकी वजह से सीवर जाम हो गया है। सीवर का पानी बाहर बहता रहता है।
- विनय पाल सिंह तंवर, व्यापारी।
बाजार में अतिक्रमण की सबसे बड़ी समस्या है। सड़क से लेकर फुटपाथ तक लोगों ने कब्जा कर लिया है, जिससे बाजार में जाम लग जाता है।
- रुपेंद्र प्रकाश शर्मा, व्यापारी।
बिजली और इंटरनेट के तारों ने पूरे बाजार में जाल फैला है। जो जमीन तक लटक गए हैं। व्यापारियों को हादसे का डर सताता रहता है।
राम अवतार, व्यापारी।
पूरे बाजार में महिलाओं के लिए एक ही शौचालय है, वह भी बंद पड़ा रहता है। इसके अलावा बाजार में बने शौचालयों की स्थिति बदहाल पड़ी हुई है।
- प्रभास शुक्ला, व्यापारी।