पुरानी दिल्ली के चांदनी महल थाने में पुलिसकर्मी लगातार कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। शनिवार को भी थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी तुर्कमान गेट का एक हवलदार संक्रमित मिला। उसे एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती करा दिया है। फिलहाल थाने का लगभग पूरा स्टाफ क्वारंटीन चल रहा है। यहां अब तक 10 पुलिसकर्मी पॉजिटिव मिल चुके हैं।
पुरानी दिल्ली इलाके में बड़ी संख्या में जमाती कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इसके बाद से ही सरकार ने पूरे इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित कर पूरे इलाके को सील कर दिया था। चूंकि, थाने के जवान बड़ी संख्या इन लोगों के संपर्क में आए थे। ऐसे में पुलिसकर्मी भी संक्रमित हो रहे हैं। शुरुआत में एसएचओ के ऑपरेटर समेत दो सिपाही, उसके बाद एसएचओ के ड्राइवर, फिर छह जवान और अब हवलदार के संक्रमित होने का पता चला है। चांदनी महल थाने के 80 और तुर्कमान गेट के 19 पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन होने का आदेश दिया गया था।
खजूरी खास थाने के 27 पुलिसकर्मियों ने की जांच की मांग
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास थाने में इन दिनों अफरातफरी मची हुई है। क्योंकि, लॉकडाउन के दौरान ड्यूटी के लिए आया सीआरपीएफ का एक जवान कोरोना पॉजिटिव मिला था। जवान के सीधे संपर्क में आए थाने के 27 पुलिसकर्मियों ने अपना कोरोना टेस्ट कराने की मांग की है। पुलिस की ओर से जिला प्रशासन को इस संबंध में लिखा गया है। इनमें एसएचओ भी शामिल हैं। हालांकि, फिलहाल किसी में भी कोरोना का कोई लक्षण नहीं दिख रहा है।