नई दिल्ली। प्रीत विहार में 24 जून को रोडरेज में की गई सोमेश छाबड़ा (30) की हत्या की गुत्थी को स्पेशल सेल ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में अंबेडकर नगर के दक्षिणपुरी के बदमाश विनोद उर्फ अमन उर्फ वीनू (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से .32 बोर की पिस्टल, चार कारतूस व वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। विनोद ने खुलासा किया कि कार चालक बार-बार हॉर्न बजा रहा था। इस बात पर गुस्से में उसने व उसके दोस्त ने सोमेश व उसके कजिन शिवम दुआ (24) पर गोली चला दी। सोमेश की मौत हो गई थी, जबकि शिवम दुआ गले पर गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। स्पेशल सेल विनोद से पूछताछ कर उसके साथियों की तलाश कर रही है। सोमेश निजी कंपनी में अकाउंटेंट था।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि 24 जून की देर रात एमएस पार्क निवासी सोमेश छाबड़ा कार से अपने कजिन शिवम दुआ और दोस्त राहुल शर्मा के साथ कनाट प्लेस घूमने गया था। लौटते समय प्रीत विहार में वी3एस मॉल के पास इनके आगे बाइक व स्कूटी सवार चार युवक बेहद तेज गति से आगे निकले। कार चला रहे सोमेश ने यह देखकर कई बार हॉर्न बजाया। वहीं शिवम ने युवकों से बाइक व स्कूटी सही तरीके से चलाने को कहा। इस बात पर स्कूटी के पीछे बैठे युवक ने पिस्टल निकालकर शिवम पर गोली चला दी। गोली शिवम के गले पर लगी। बाइक के पीछे बैठे युवक ने भी गोली चला दी, जोकि सोमेश के सीने में लगी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। दोनों घायलों को मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमेश को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। स्पेशल सेल में तैनात एसीपी ललित मोहन नेगी की टीम ने भी मामले की जांच शुरू की। सोमवार को स्पेशल सेल को सूचना मिली कि वारदात में शामिल एक बदमाश कोंडली के डिस्ट्रिक्ट पार्क में आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी विनोद को दबोच लिया। विनोद के खिलाफ आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।