झण्डेवाला देवी, कालकाजी समेत मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नवरात्र महोत्सव के छठे दिन शनिवार को राजधानी के प्रमुख मंदिरों में माता जगदंबा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। मां का शृंगार किया गया।
प्राचीन झण्डेवाला देवी मंदिर, कालकाजी मंदिर, छतरपुर मंदिर समेत सभी तमाम बड़े मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों में आकर्षक शृंगार के बाद मां के दर्शन के लिए भक्तों में भारी उत्साह देखा गया। मंदिरों में प्रबंधन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सीसीटीवी कैमरों और पुलिस बल की तैनाती से श्रद्धालुओ ने शांति व सुव्यवस्था से मां के दर्शन किए।
झण्डेवाला मंदिर की स्वच्छता और व्यवस्था की चर्चा सुनकर देश-विदेश से भक्त भी यहां पर पहुंच रहे हैं। इसी प्रकार कालकाजी मंदिर में भी दिनभर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ। भक्ति संगीत और देवी जागरण से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिर में फूलों और विद्युत सज्जा का विशेष आकर्षण रहा।
छत्तरपुर मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। यहां स्कन्दमाता का अलंकृत शृंगार कर विशेष आरती की गई। मंदिर प्रशासन ने दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की। कात्यायनी मंदिर (छत्तरपुर) में भी भक्तों ने श्रद्धा-भाव से पूजन कर मां स्कन्दमाता का आशीर्वाद प्राप्त किया। भक्तों ने उपवास और हवन में हिस्सा लेकर मनोकामनाओं के लिए मां से प्रार्थना की।