कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के 12 संदिग्ध संक्रमित दिल्ली के लोकनायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, ओमिक्रॉन के आठ संदिग्ध संक्रमित एलएनजेपी अस्पताल में बुधवार को भर्ती हुए थे। आज चार लोगों को भर्ती कराया गया, जिनमें से दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए जबकि दो लोगों की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। आज मिले चार संदिग्धों में से दो लोग इंग्लैंड से, एक फ्रांस से और एक नीदरलैंड से आया था। चारों लोगों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेज दिया गया है।
इससे पहले गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि कोरोना वायरस के खतरनाक वैरिएंट ओमिक्रॉन के दो संक्रमित कर्नाटक में पाए गए हैं। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का पहला मामला 25 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका में मिला था।
लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल के एमडी ने कहा कि कुछ लोग दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल में भर्ती है। जिन देशों में ओमिक्रोन है, वहां से ट्रेवल कर ये लोग दिल्ली पहुंचे हैं। 4 मरीज़ यूनाइटेड किंगडम, 4 फ्रांस, 2 नीदरलैंड, 1 बेल्जियम और 1 तंज़ानिया से हैं।
लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल के एमडी डाॅ.सुरेश कुमार के अनुसार सभी मरीज़ स्वस्थ है, सिर्फ़ एक के गले में दर्द है। कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार उनका इलाज कर रहे हैं। उनका जीनोम सिक्वेंसिंग का सैंपल लैब में भेज दिया है।
भारत में 24 घंटे में कोरोना के 9216 केस
भारत में पिछल 24 घंटे में कोरोना के 9216 नए केस सामने आए हैं। वहीं 391 लोगों की मौत हुई है। आंकड़ों के लिहाज से देखें तो शुक्रवार तक दर्ज हुए मामले एक दिन पहले से तकरीबन 5.6 फीसदी कम हैं। उधर भारत में एक्टिव केसों की संख्या भी लगातार कम हो रही है। फिलहाल सक्रिय मरीजों की संख्या 99 हजार 976 पर आ गई है।