दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में पचास रुपये नहीं देने पर बदमाश ने सिर पर ईंट मारकर बुजुर्ग की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की शिनाख्त शिव विहार निवासी बक्शी (85) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बीते गुरुवार को बक्शी ने उत्तम नगर के साप्ताहिक बाजार में अपनी रेहड़ी लगाई। कुछ देर बाद मुकेश नाम का एक युवक वहां पहुंचा और बुजुर्ग से रेहड़ी लगाने के एवज में 50 रुपये की मांग की। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। आसपास के लोगों ने मामले को शांत करवाया। लोगों को देखकर मुकेश वहां से चला गया।
करीब आधे घंटे बाद मुकेश फिर वहां पहुंचा और बुजुर्ग से रुपये मांगने लगा। इस बात को लेकर दोनों में हाथापाई हो गई। मुकेश ने बुजुर्ग को नीचे गिरा दिया और पास ही पड़े ईंट उठाकर उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बुजुर्ग को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां शुक्रवार तड़के बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।