नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के एसओएल के अंतिम वर्ष के छात्रों की ओपन बुक परीक्षाएं (ओबीई) सोमवार से शुरू होने जा रही हैं। इसे लेकर डीयू ने अलग-अलग प्रश्नपत्र के लिए 450 से भी अधिक ईमेल-आईडी को जारी कर दिया है। छात्रों को प्रश्नपत्र डाउनलोड करने व उत्तर पुस्तिका को अपलोड करने के लिए भी अलग से समय मिलेगा।
एसओएल के ओएसडी प्रो. उमाशंकर पांडेय ने बताया कि प्रश्नपत्र को डाउनलोड करने के लिए तीन घंटे व उत्तर पुस्तिका पोर्टल पर अपलोड करने के लिए एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है। छात्रों के पास कुल चार घंटे का समय रहेगा। पांडेय ने बताया कि यदि इस दौरान किसी छात्र के साथ कोई तकनीकी परेशानी होती है तो उसे अतिरिक्त एक घंटे का समय दिया जाएगा। इसके लिए उसे कॉपी को पोर्टल पर अपलोड करते समय तकनीकी खामी के स्क्रीन शॉट भी अपलोड करने होंगे। इन छात्रों की कॉपी को जांचने का निर्णय का अधिकार समीक्षा कमेटी के पास रहेगा।
उन्होंने कहा कि यदि पांच घंटे में भी छात्र उत्तर पुस्तिका पोर्टल पर अपलोड नहीं कर पाए तो डीयू 30 मिनट अतिरिक्त भी प्रदान करेगा। इस समय यानि तीस मिनट में कॉपी को डीयू की दूसरी ईमेल आईडी पर भेजना अनिवार्य होगा।
पांडेय ने बताया कि परीक्षा पोर्टल पर लॉग इन करने के बाद डैशबोर्ड पर ईमेल आईडी संबंधी पूरी लिस्ट दिखने लगेगी। बीए प्रोग्राम, बीए ऑनर्स अंग्रेजी, बीकाम , बीए ऑनर्स राजनीति विज्ञान व बीकाम आनर्स के सभी प्रश्नपत्रों की अलग-अलग ईमेल आईडी जारी कर दी गई है। छात्र परीक्षा देने के बाद डैशबोर्ड पर ईमेल देख उत्तर पुस्तिका भेज सकेंगे।
उन्होंने कहा कि डीयू ने छात्रों को सख्त तौर पर कहा है कि पोर्टल पर उत्तर पुस्तिका अपलोड होने की समयावधि समाप्त होने के बाद ही ईमेल किया जाए। जो छात्र देरी से कॉपी भेजेगा उसका परिणाम भी देरी से जारी किया जाएगा।