दिल्ली के सरकारी स्कूलों में नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चे अगली कक्षाओं में अपग्रेड होंगे। शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के अनुसार जो बच्चा लंबे समय से अनुपस्तिथ होगा उसे अपग्रेड नहीं करना है।
यह प्रावधान नर्सरी, पहली और दूसरी कक्षा पर लागू होगा। जबकि तीसरी से आठवीं तक के वे ही बच्चे अगली कक्षा में भेजे जाएंगे जिनके रिजल्ट के आगे उत्तीर्ण लिखा होगा। मालूम हो कि सरकारी स्कूलों में तीसरी और आठवीं तक के बच्चों का रिजल्ट घोषित किया जा चुका है।
दिशा निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि ऐसे छात्र जो लंबे समय से अनुपस्तिथ है, या जिनके परिणाम रोके गए हैं उन्हें अपग्रेड नही करना है। दरअसल कोरोना महामारी के कारण स्कूल बंद है और मजदूरों के पलायन के बाद से काफी बच्चे अब तक स्कूल के संपर्क में नहीं हैं।
ये बच्चे ही लंबे समय से अनुपस्तिथ हैं। यदि यह बच्चे अपग्रेड होना चाहते हैं तो इन्हें अपने स्कूल से संपर्क करना होगा। बच्चों को अपग्रेड करने की व्यवस्था हर साल होती है।
स्कूल प्रिंसिपल को कहा गया है कि वे इन दिशा निर्देशों का पालन अवश्य करें। अपग्रेडेशन प्रक्रिया को पूरा करने के लिए जल्द ही शिक्षा निदेशालय की ओर से एक लिंक जारी किया जाएगा।