गाजीपुर में शुक्रवार को आईईडी (बम) मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई है। बम मिलने के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। 26 जनवरी के चलते दिल्ली पहले से ही अलर्ट पर है। सभी थाना पुलिस को आतंकी वारदात रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाने के सख्त आदेश दिए गए हैं। दिल्ली में भीड़भाड़ वाली जगहों व बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वीवीआईपी इमारतों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजधानी में जगह-जगह बैरिकेड लगाकर चेकिंग शुरू कर दी गई थी।
गाजीपुर फूल मंडी की पार्किंग में आईईडी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना पुलिस को सतर्क रहने के आदेश दिए। नई दिल्ली जिले में वायरलेस से मैसेज दिया गया कि गाजीपुर में आईईडी मिली है। ऐसे में सभी जिला थानाध्यक्ष व एसीपी अपने पुलिसकर्मियों को अलर्ट कर दें और बाजारों व भीड़भाड़ वाली जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दें। दक्षिण-पूर्व जिले में कहा गया कि 26 जनवरी को देखते हुए सभी थानाध्यक्ष अपने पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहें। किराएदारों का वेरिफिकेशन किया जाए। होटलों व भीड़भाड़ वाली जगहों पर चेकिंग बढ़ाने के लिए कहा गया है।
बैग में लोहे का टिफिन जैसा बॉक्स था-
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार सुबह ट्वीट कर जानकारी दी कि गाजीपुर फूलमंडी में आईईडी मिली है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एनएसजी ने कंट्रोल्ड एक्सप्लोशन से आईईडी को निष्क्रिय कर दिया था। साथ में दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस व एनएसजी ने एक बड़ी घटना को टाल दिया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि बैग में लोहे का टिफिन जैसा बॉक्स था।