अब पैरेंटिंग कैलेंडर पर स्कूल प्रिंसिपल की लगेगी क्लास
-सीबीएसई आज से ओरिएंटेशन सत्र आयोजित करने जा रहा, अभिभावक-स्कूल संचार को मजबूत करने के प्रभावी तरीके बताए जाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) अब पैरेंटिंग कैलेंडर को लेकर स्कूल प्रिंसिपल की क्लास लगाएगा। बोर्ड मंगलवार से स्कूल प्रिंसिपल के लिए ओरिएंटेशन सत्र आयोजित करने जा रहा है। यह ओरिएंटेशन वेबिनार की शृंखला होगी। पांच जून तक चलने वाले इन सत्रों में स्कूलों में प्रिंसिपल को अभिभावक स्कूल संचार को मजबूत करने के प्रभावी तरीके बताए जाएंगे। यह सत्र स्कूल प्रमुखों को पेरेटिंग के महत्वपूर्ण पहलुओं को समझने में मदद करेंगे। इस दौरान प्राचार्य सीखेंगे कि वह बच्चों के साथ बेहतर तरीके से कैसे जुड़ें, माता-पिता और बच्चों के बीच संचार में सुधार कैसे हो।
मालूम हो कि सीबीएसई ने मार्च में पेरेंटिंग कैलेंडर को यू-ट्यूब के माध्यम से लॉन्च किया था। बोर्ड का मानना है कि समय-समय पर इसके संबंध में स्कूल प्रमुखों को बताना जरूरी है। इसके लिए 27 मई से पांच जून तक ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक दिन सत्रों के लिए अलग-अलग टॉपिक और विशेषज्ञों का चयन किया गया है।
27 मई की सुबह 11:30 बजे से 12:30 तक के सत्र में स्कूल-अभिभावक सहयोग को मजबूत करने पर जानकारी दी जाएगी। जबकि तीन जून को नियमित क्लासरूम शिक्षण में कौशल गतिविधियों को शामिल करने पर टिप्स दिए जाएंगे। इसके अलावा क्लासरूम आधारित सीखने की प्रक्रिया में प्रिंसिपल को अपडेट किया जाएगा। चार जून को पैरेटिंग वर्कशॉप क्यों जरूरी हैं व छात्रों द्वारा सामना की जाने वाली आयु-विशिष्ट शैक्षणिक, सामाजिक, भावनात्मक और डिजिटल चुनौतियों के समाधान के लिए अभिभावकों के लिए कार्यशालाओं का आयोजन करने की जानकारी दी जाएगी।
इन सत्रों में स्कूलों को अभिभावकों को सार्थक रूप से वार्षिक शैक्षणिक योजनाओं में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इन सत्रों का उद्देश्य अभिभावकों को स्कूल की गतिविधियों में शामिल करके बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा देना है। सीबीएसई ने स्कूलों को ऑनलाइन इन सत्रों से जुड़ऩे के लिए कहा है। करीब एक हजार स्कूल प्रमुख पहले और पहले पाओ के आधार पर जुड़ सकते हैं। इस संबंध में स्कूलों को फीडबैक व एक्टिविटी रिपोर्ट भेजनी है।