नई दिल्ली। जिला पुलिस ने डासना मंदिर के महंत नरसिंहानंद सरस्वती पर दर्ज धार्मिक भावनाओं को आहत करने के मामले में पूछताछ में शामिल होने के लिए नोटिस दिया है। दूसरी तरफ, दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस को प्रेस क्लब में उनके धार्मिक भावनाओं को भड़काने के आरोप वाली चार शिकायतें मिली हैं। संबंधित थाना पुलिस इन पर जांच कर रही है। किसी भी शिकायत पर शुक्रवार देर रात तक मामला दर्ज नहीं किया गया था।
नई दिल्ली जिला पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में महंत को एक धर्म के खिलाफ निंदात्मक शब्दों का उच्चारण करते देखा गया। यह वीडियो कथित रूप से प्रेस क्लब में एक कार्यक्रम के दौरान शूट किया गया था। वीडियो पर संज्ञान लेते हुए संसद मार्ग थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। एक अन्य वीडियो और एक ट्वीट पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने नरसिंहानंद को धमकी देने के आरोप में आप विधायक अमानतुल्ला खान के खिलाफ गत रविवार को मामला दर्ज किया था।
दूसरी तरफ, विधायक अमानतुल्ला खान ने 7 अप्रैल को मुस्लिम समाज से अपील की थी कि महंत के खिलाफ शिकायत दें। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महंत के खिलाफ शुक्रवार को मिली 4 शिकायतों में दो जामिया नगर और दो शाहीन बाग थाने में आई हैं।