नई दिल्ली में दुष्कर्म पीड़िता बच्ची के थाने में कपड़े उतरवाने के आरोप में उत्तम नगर थाना प्रभारी को निलंबित किया गया है। परिजनों ने पुलिस आयुक्त से थाना प्रभारी की शिकायत की।
इसके बाद जिला पुलिस उपायुक्त ने थाना प्रभारी को निलंबित करके उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
उत्तम नगर निवासी 13 वर्षीय बच्ची के परिजनों ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात करके थाना प्रभारी भगवान सिंह की शिकायत की।
पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि 16 सितंबर को बेटी से दुष्कर्म हुआ था जिसकी शिकायत लेकर वे थाने पहुंचे।
शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी ने बेटी को कमरे में बुलाया और कपड़े उतरवा दिए। साथ ही, गलत हरकत करके बच्ची को धमकाकर भगा दिया।
कमरे से बाहर आकर बच्ची ने परिजनों को सारी बातें बताईं। पुलिस आयुक्त ने शिकायत को गंभीरता से लिया और जिला पुलिस उपायुक्त को कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस पर पुलिस उपायुक्त रणवीर सिंह ने भगवान सिंह को निलंबित करके विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।