नई दिल्ली में आईपीयू में पढ़ने वाले उन सभी छात्रों की फीस माफ होगी, जिनके परिजनों की सालाना आय दो लाख तक है।
यही नहीं परफॉर्मेंस अच्छी होने पर फीस माफी के साथ स्कॉलरशिप भी मिलेगी। यदि छात्र को पहले से स्कॉलरशिप मिली रही होगी तो उसे फीस माफी का लाभ नहीं मिलेगा।
आईपीयू के डायरेक्टर स्टूडेंट वेलफेयर प्रोफेसर सीएस राय के अनुसार, इससे पहले डेढ़ लाख तक सालाना आमदनी वाले परिवार के छात्रों की फीस माफ होती थी।
आईपीयू से मान्यता प्राप्त कालेजों और स्कूलों में पढ़ रहे सभी छात्रों को इसका लाभ मिलेगा। इसके लिए छात्रों को एक फॉर्म अपने कॉलेज और स्कूल प्रबंधन के पास जमा करना होगा।
छात्रों को लाभ लेने से पहले आर्थिक रूप से कमजोर होने के दस्तावेज भी जमा करवाने होंगे।
जिसमें बीपीएल राशन कार्ड या अंत्योदय राशन कार्ड, राजस्व विभाग द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का सर्टिफिकेट एसडीएम द्वारा सत्यापित आदि शामिल है।
प्रबंधन द्वारा गठित कमेटी उन दस्तावेजों की जांच करेगी। उसी के आधार पर छात्रों की फीस माफ होगी।