नई दिल्ली। गांधी नगर सामूहिक दुष्कर्म मामले में पांच वर्षीय पीड़िता के पड़ोसी ने सोमवार को विशेष पोक्सो अदालत में अपना बयान दर्ज करवाया। उसने अपने बयान में कहा कि, ताला तोड़कर बच्ची को आरोपी मनोज के कमरे से बाहर निकाला गया था।
कड़कड़डूमा स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश संजय गर्ग के समक्ष अभियोजन के गवाह ने कहा कि, जब उसने मनोज शाह के कमरे से बच्ची के रोने की आवाज सुनी तो फौरन बच्ची की मां को बताया। उसके बाद वहां मौजूद लोगों ने मनोज के कमरे का ताला तोड़कर बच्ची को बाहर निकाला।
बच्ची के पड़ोसी के अलावा मनोज शाह के मालिक अभिषेक जैन व बच्ची के चाचा का बयान भी सोमवार को अदालत में दर्ज किया गया। विशेष लोक अभियोजन अधिकारी राजीव मोहन के जरिये अपने बयान दर्ज करवाते हुए गवाह ने कहा कि बच्ची 15 अप्रैल की शाम से गायब थी और वह 17 अप्रैल को बंद कमरे से बरामद हुई थी। उस समय वह बेसमेंट में था और सुबह करीब साढ़े छह-सात बजे मनोज शाह के बंद कमरे से बच्चे के रोने की आवाज सुनी। उधर, अभिषेक ने अपने बयान में कहा कि, जब बच्ची को कमरे से निकाला गया तब वह खून से लथपथ थी।