नई दिल्ली। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) मुख्यालय में एक ड्राइवर ने वरिष्ठ अधिकारी के कमरे में गोली चला दी। इससे वहां भगदड़ मच गई। अफरातफरी के बीच वह फरार हो गया। बृहस्पतिवार दोपहर हुई इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। गोली एक अलमीरा में लगी है।
पुलिस का कहना है कि चालक के पकड़े जाने के बाद ही इस बात का खुलासा हो पाएगा कि उसने किस मकसद से गोली चलाई है या फिर दुर्घटनावश गोली चली है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोस्तों को रिवाल्वर दिखाने के दौरान गोली चली है। उधर, घटना के बाद डीटीसी सीएमडी ने मामले में आरोपी चालक को निलंबित करके उप महाप्रबंधक को जांच के आदेश दे दिए हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे डीटीसी के इंद्रप्रस्थ डिपो मुख्यालय की दूसरी मंजिल के कमरा संख्या 208 में गोली चलने की सूचना मिली। चालक सुनील (55) दोस्तों को अपनी रिवाल्वर दिखा रहा था। इसी दौरान गोली चल गई और सामने अलमीरा पर जा लगी। गोली चलते ही अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच सुनील भी वहां से फरार हो गया।
मौके पर पहुंची क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और अलमीरा से खोखा बरामद कर लिया। जिला पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार के मुताबिक, कमरे में मौजूद लोगों ने बताया कि सुनील तिलक नगर का रहने वाला है और वह रिजर्व चालक के तौर पर काम करता है। पुलिस का कहना है कि उसके पकड़े जाने के बाद ही इस बात का पता चल पाएगा कि उसके पास रिवाल्वर का लाइसेंस है या फिर नहीं।
अजय माकन का चालक रह चुका है सुनील
सुनील परिवहन मंत्री रह चुके अजय माकन का ड्राइवर रह चुका है। उसने लाइसेंसी रिवाल्वर ले रखी है। डीटीसी सूत्रों के मुताबिक ,सुनील का किसी से कोई झगड़ा नहीं है और गलती से ही गोली चली है। उनके मुताबिक, पुलिस ने उससे संपर्क किया है, जिसमें उसने थाने पहुंचकर जांच में शामिल होने की बात कही है। हालांकि देर रात तक वह थाने में हाजिर नहीं हुआ था।