नई दिल्ली। करोलबाग में शनिवार शाम को एसी रिपेयरिंग के दौरान धमाके के साथ कंप्रेसर फट गया, जिसकी चपेट में आने से दो मैकेनिक घायल हो गए। गंभीर हालत में फखरूद्दीन (28) और शाहनवाज (25) को लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने फखरूद्दीन को मृत घोषित कर दिया।
शनिवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि गली नंबर-34 बिडनपुरा में ज्वैलरी की दुकान पर धमाका हो गया है। वहां पता चला कि एसी रिपेयरिंग के दौरान कंप्रेसर फटने से दुकान में आग लग गई है। दमकल कर्मियों ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया जबकि पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। करोलबाग थाना पुलिस दुकान के मालिक सन्नी से पूछताछ कर रही है।