नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली में दो अलग अलग जगहों पर लोगों ने तीन पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। एक हवलदार का अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस बाबत सब्जी मंडी और मोरिस नगर थाने में सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह तीस हजारी अदालत के गेट संख्या दो पर सुरक्षा जांच के लिए हवलदार सुमेर(57) सहित अन्य पुलिसकर्मी तैनात थे। इसी दौरान एक साइकिल सवार को सुमेर ने रोका। साइकिल सवार सुमेर के साथ गाली गलौज करने लगा और बाद में आकर देखने की धमकी देकर चला गया।
कुछ देर बाद साइकिल सवार चार पांच लोगों के साथ आया और सुमेर की पिटाई शुरू कर दी। पिटाई से वह बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने सुमेर को हिंदूराव अस्पताल में भर्ती कराया। वहां तैनात हवलदार विनोद ने अपने बयान में बताया कि साइकिल वाले के साथ आए लोग वकील के कपड़े पहने हुए थे। पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर जांच कर रही है। दूसरा मामला मौरिस नगर इलाके का है। थाने में तैनात हवलदार राजसिंह और सिपाही गजराज तीन अप्रैल की रात गश्त पर थे। नार्थ कैंपस वीसी कार्यालय के पास उन लोगों ने दो शख्स को शराब पीते देखा। दोनों उन्हें शराब पीने से रोकने की कोशिश की। इस पर शराब पी रहे अंकित और संदीप बिफर गए और पुलिसकर्मियों की जमकर पिटाई कर दी। साथ ही उनकी वर्दी फाड़ दी। गजराज की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अंकित और संदीप को दबोच लिया। मेडिकल में उनके शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।