नई दिल्ली। नारायणा इलाके में शराब के नशे में रईसजादे ने बीएमडब्ल्यू कार से डिवाइडर तोड़कर चार कारों को टक्कर मार दी। हादसे में सड़क की दूसरी से जा रहा कार सवार प्रेमचंद (43) जख्मी हो गया। उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने आरोपी कार चालक नितिन मल्होत्रा (36) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम को ग्रीनवुड सेक्टर-26, गुड़गांव निवासी नितिन बीएमडब्ल्यू कार में नारायणा रिंग रोड से होते गुड़गांव जा रहा था। इस दौरान सीओडी बस स्टैंड के पास रफ्तार अधिक होने से कार अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर तोड़ती हुई सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई। कार ने सामने से आ रही दो स्विफ्ट डिजायर, मारुति ईको और एक अन्य कार को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने नशे में धुत आरोपी नितिन को मौके से ही दबोच लिया।