नई दिल्ली। भाजपा नेता अरुण जेटली की कॉल डिटेल निकालने के प्रयास मामले की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई है कि अब विश्व हिंदू परिषद के महासचिव प्रवीण तोगड़िया का फेसबुक अकाउंट हैक करने का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त संदीप गोयल ने बताया कि शिकायत मिलने के तुरंत बाद ही बृहस्पतिवार शाम को आईटी एक्ट की धारा-66 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया था। अभी तक ये पता नहीं लगा है कि अकाउंट किस जगह व किस देश में हैक हुआ है। विहिप नेताओं के अनुसार, तोगड़िया बृहस्पतिवार को जम्मू से दिल्ली पहुंचे। दोपहर बाद वे मंदिर मार्ग स्थित आर्थिक अपराध शाखा के कार्यालय गए। यहां उन्होंने शिकायत में बताया कि किसी ने उनके फेसबुक एकाउंट को हैक करके देवी-देवताओं के बारे में अभद्र टिप्पणियां कर दीं हैं। इसके बाद लोगों ने कमेंट्स भी देने शुरू हो गए हैं। मालूम हो कि इससे पहले अरुण जेटली, अभिनेत्री जयाप्रदा समेत कई नेताओं के अकाउंट हैक करके या फिर उनके नाम व फोटो से फर्जी अकाउंट बनाकर भद्दी टिप्पणियों के मामले सामने आ चुके हैं।