नई दिल्ली। भोगल स्थित कमला नेहरू सर्वोदय विद्यालय में मंगलवार को शिक्षिका की पिटाई के बाद चौथी कक्षा के छात्र अली नूर (9) को अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाना पड़ा। लोक नायक अस्पताल में बच्चे का एमएलसी भी बनवाया गया है। बच्चे के पिता रजानूर ने स्कूल की प्रिंसिपल पर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह उसके खिलाफ पुलिस को शिकायत देगा।
गोविंद बल्लभ पंत अस्पताल के आईसीयू के सामने डॉक्टरों की निगरानी में बिस्तर पर लेटे अली नूर ने बताया कि एक छात्र से उसकी किसी बात को लेकर लड़ाई हो गई। इस दौरान अली नूर के पैर से उस बच्चे को चोट लग गई। उसने इसकी शिकायत शिक्षक से कर दी। इसके बाद नूर को स्कूल की प्रिंसिपल के सामने बुलाया गया। नूर ने बताया कि प्रिंसिपल के सामने ही क्लास टीचर ने उसे कई थप्पड़ मारे। पिता का आरोप है कि पिटाई की वजह से अली नूर के कान के पीछे से खून बहने लगा। घर पहुंचने के बाद अली नूर अचेत होकर गिर पड़ा। उसका पिता उसे जीबी पंत अस्पताल लेकर आया। कुछ देर बाद उसकी स्थिति सामान्य हो गई। रजानूर ने बताया कि लोक नायक अस्पताल में एमएलसी बनवाने के दौरान उसके बेटे की तबीयत फिर बिगड़ गई। सीटी स्कैन व कुछ अन्य जांच कराई गईं। देर शाम तक बच्चे का लोक अस्पताल में इलाज चल रहा था। घटना से आहत रजानूर का कहना है कि गत वर्ष अक्तूबर माह में करंट लगने के बाद से बेटे की तबीयत ठीक नहीं रहती।उस दौरान कुछ दिनों तक उसे अस्पताल के न्यूरो सर्जरी विभाग में भर्ती करना पड़ा था। अली नूर के खराब स्वास्थ्य की जानकारी प्रिंसिपल को भी है। इसके बावजूद उसके सामने शिक्षिका ने बच्चे की पिटाई की।