नई दिल्ली। देशभर में मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया और डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया के तहत आने वाले शिक्षण संस्थानों में एमबीबीएस दाखिला एक ही प्रवेश परीक्षा से होगा। एमसीआई की ओर से पहली बार सीबीएसई के साथ मिलकर देशभर में आयोजित की जा रही संयुक्त प्रवेश परीक्षा नीट (नेशनल एलिजिबिलिटी एंट्रेस टेस्ट) 5 मई को होगी।
सत्र 2013-14 में होने वाले एमबीबीएस व बीडीएस के दाखिले इसी परीक्षा के आधार पर होंगे। सीबीएसई ने इस संबंध में सूचना जारी कर दी है। उम्मीदवार 31 दिसंबर तक केवल ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सामान्य व ओबीसी श्रेणी के उम्मीदवारों को फीस के रुप में एक हजार रुपये का भुगतान करना होगा। जबकि एससी/एसटी श्रेणी के छात्रों को 550 रुपये चुकाने होंगे। फीस भुगतान क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड व इंटरनेट बैंकिंग से किया जा सकता है। सभी श्रेणियों के लिए एक हजार रुपये के विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन जमा कराने की तिथि एक जनवरी से 31 जनवरी तक है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में मदद के लिए देशभर में 185 सुविधा केंद्र भी बनाए गए हैं।