नई दिल्ली। हर्ष विहार इलाके से दस लाख रुपये फिरौती के लिए अपहृत चार वर्षीय बच्चे को पुलिस ने मुक्त करा लिया है। पुलिस ने मामले में बच्चे के ताऊ कर्मवीर (33) और भूरे शाह (32) को गिरफ्तार किया है। पुलिस को नूरबानो की तलाश है। पूछताछ में कर्मवीर ने खुलासा किया है कि उसकी माली हालत खराब थी, इसलिए उसने भतीजे सोनू को अगवा कर लिया। हर्ष विहार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला अतिरिक्त आयुक्त वीवी चौधरी ने बताया कि 16 नवंबर को हर्ष विहार निवासी पप्पू ने सोनू की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इस बीच अज्ञात शख्स ने पप्पू को फोन करके बताया कि सोनू उसके पास है। आरोपी ने 10 लाख रुपये फिरौती मांगी। पप्पू को रुपये लेकर यूपी के चंदौसी रेलवे स्टेशन पर बुलाया गया। यहां आरोपी ने उसे बरेली आने को कहा। पुलिस के इशारे पर पप्पू ने बरेली आने से मना कर दिया। इसके बाद मोबाइल सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने बराई, बरेली से भूरे शाह को दबोच लिया। भूरे ने बताया कि उसकी पत्नी नूरबानो की मदद से कर्मवीर ने ही सोनू को उठवाया था। बरेली से ही फिरौती मांगी गई थी। भूरे की निशानदेही पर पुलिस ने शाहदरा रेलवे स्टेशन से सोनू को सकुशल बरामद करके कर्मवीर को दबोच लिया। नूर वहां से मुरादाबाद फरार हो गई, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।