नई दिल्ली। भाई-बहन के प्रेम प्रतीक पर्व भैयादूज पर महिलाओं को डीटीसी ने मुफ्त यात्रा का तोहफा दिया है। महिलाएं दिल्ली, गुड़गांव, फरीदाबाद, बहादुरगढ़, नोएडा, गाजियाबाद आदि क्षेत्रों में चलने वाली डीटीसी की हरी बसों में सुबह से लेकर शाम तक मुफ्त में कहीं भी यात्रा कर सकेंगी।
परिवहन मंत्री रमाकांत गोस्वामी के अनुसार, महिलाएं दिल्ली समेत एनसीआर में बृहस्पतिवार को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मुफ्त में यात्रा कर सकेंगी। सभी डिपो मैनेजर को निर्देश दिए गए हैं कि वे अधिक से अधिक हरी बसों को सड़कों पर उतारें, ताकि महिलाओं को यात्रा में कोई दिक्कत न हो। एनसीआर के जिन रूट पर एसी बस सेवा अधिक चलती हैं, वहां पर स्पेशल हरी बस थोड़े-थोड़े अंतराल पर चलाने के निर्देश गए हैं। यदि कहीं अधिक बसों की जरूरत पड़ेगी तो तत्काल उपलब्ध करवाई जाएगी। ड्राइवर व कंडक्टर को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय से अपनों के बीच पहुंचे।
लेडीज स्पेशल बसें भी महिलाओं की राह आसान करेंगी। रूट नंबर 212 नंद नगरी से आनंद पर्वत, 205 न्यू सीमा पुरी से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, 211 मयूर विहार फेस 3 से मोरी गेट, 192 केशव नगर से कश्मीरी गेट, 307 त्रिलोक पुरी से कमला मार्केट, 319 ईस्ट आजाद नगर से नोएडा सेक्टर 37, 725 मंगलापुरी से कश्मीरी गेट, 908 सुल्तानपुरी से कश्मीरी गेट, 940 मंगोलपुरी से कनॉट प्लेस, नेहरू प्लेस से उत्तम नगर, द्वारका मेट्रो स्टेशन से नेहरू प्लेस, इंद्रपुरी से दिल्ली सचिवालय, रोहिणी सेक्टर 22 से कनॉट प्लेस, एएन टर्मिनल से राजेंद्र प्लेस, शाहदरा से आरके पुरम, मधु विहार से सीजीओ कांप्लेक्स, उत्तम नगर से नेहरू प्लेस, कापसहेड़ा बार्डर से मोरी गेट, नांगलोई से दिल्ली सचिवालय व महरौली से न्यू दिल्ली रेलवे स्टेशन के बीच लेडीज स्पेशल सुबह और शाम को चलती हैं।