नई दिल्ली। राजधानी पर मंडरा रहे आतंकी खतरे को देखते हुए व्यापार मेले में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। सभी एंट्री गेटों पर पुलिस के जवान, कमांडो के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बल को तैनात किया गया है। साथ ही मैदान के चप्पे-चप्पे की निगरानी की जा रही है। प्रगति मैदान के पुलिस उपायुक्त समेत आला अधिकारी पूरे मैदान का निरीक्षण कर सुरक्षा खामियों को दुरुस्त करते दिखे।
सभी गेटों पर स्कैनर लगाया गया है। साथ ही पूरे मैदान में करीब 109 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके नियंत्रण के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मी गेट से लेकर भीतर तक सभी लोगों पर निगरानी रख रहे हैं।
खुफिया एजेंसियों की ओर से मेले पर आतंकी हमले की आशंका जताने के बाद से सुरक्षा एजेंसियां चौकस हो गई हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मैदान की सुरक्षा के लिए करीब दो हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इसके अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बल को भी सुरक्षा इंतजाम में लगाया गया है। पुलिस के मुताबिक, मैदान की बाहरी सुरक्षा को पुख्ता किया गया है। आने वाले लोगों और उनके सामानों की पुख्ता जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। मैदान की सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस पर है, इसलिए पुलिस ने पूरे मैदान को छावनी में तब्दील कर दिया है।