नई दिल्ली। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के छात्र का दिवाली पर गर्लफ्रेंड को महंगा तोहफा देने का सपना धरा रह गया। चेस एंड चालान की ड्यूटी में लगे ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने करीब एक किलोमीटर पीछा कर छात्र और उसके नाबालिग साथी को पकड़ लिया। संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) सतेंद्र गर्ग ने बताया कि कल्याणपुरी के नरवाना रोड पर मंगलम बस स्टैंड के पास शुक्रवार को एक महिला स्कूल बस का इंतजार कर रही थी। तभी बाइक सवार दो झपटमार उसकी चेन झपटकर एनएच-24 की तरफ भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर एक बाइक सवार बदमाशों का पीछा करने लगा। उसने इसकी जानकारी मयूर विहार फेस-दो ट्रैफिक इंटरसेक्शन पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी अजय गुलिया को बताई। इस पर पीछा कर अजय ने लालबहादुर शास्त्री अस्पताल के पास बाइक पर पीछे बैठे नाबालिग को पकड़ लिया। अजय ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। वहीं कल्याणपुरी थाना पुलिस ने वेस्ट विनोद नगर निवासी आरोपी छात्र प्रदीप कुमार झा (22) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इसके पास से चेन बरामद कर ली।
मूलत: दरभंगा (बिहार) निवासी प्रदीप चेन्नई यूनिवर्सिटी से बीएससी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की पढ़ाई कर रहा है। दोनों आरोपी अपनी महिला मित्र को गिफ्ट देना चाहते थे। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने अजय को इनाम देने की घोषणा की है। अजय वर्ष 1992 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ। वह मार्च, 2007 से ट्रैफिक में तैनात है।