नई दिल्ली। डेंगू और मलेरिया को लेकर नगर निगम के आंकड़ों पर सरकार को रत्ती भर भी भरोसा नहीं है। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि जो आंकड़े दिए जा रहे हैं, वे वास्तविक संख्या से कहीं कम हैं।
राजधानी में डेंगू और मलेरिया के बढ़ते मामलों ने दिल्ली सरकार के कान खड़े कर दिए हैं। स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर अशोक कुमार वालिया ने बैठक बुलाई। बैठक में प्रमुख अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षक के अलावा निगम के अधिकारी भी मौजूद थे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा डेंगू के जो आंकड़े दिए जा रहे हैं, स्थिति उससे कहीं ज्यादा खराब है। अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिया गया है कि मामलों की सही रिपोर्ट दी जाए ताकि बीमारी से निपटने के लिए सही दिशा में काम किया जा सके। उन्होंने अस्पतालों को ऑनलाइन आंकड़े भेजने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि कोताही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अब तक के आंकड़ों से साफ है कि डेंगू के लार्वा ऐसे जगहों पर अधिक पाए गए हैं, जहां निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में ऐतिहात बरतना बेहद जरूरी है।