नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में ईवनिंग कॉलेजों को मॉर्निंग कॉलेज में बदलने की तैयारी हो रही है। अगर योजना सिरे चढ़ी, तो कॉलेज न सिर्फ नए संसाधनों के साथ सामने आएंगे, बल्कि उनका नाम भी बदला हुआ होगा।
दरअसल, इन कॉलेजों को नौकरीपेशा छात्रों की सहूलियत के लिए शुरू किया गया था, लेकिन बीते कई सालों से ऐसे छात्र दाखिला नहीं ले रहे हैं। इसे देखते हुए देशबंधु कॉलेज को मॉर्निंग कॉलेज में बदल दिया गया है, जिसे अब रामानुजन कॉलेज के नाम से जाना जाता है।
देशबंधु के बाद अब रामलाल आनंद कॉलेज को सुबह की पाली में बदलने की तैयारी है। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर विजय कुमार शर्मा ने बताया कि जो भी कॉलेज सांध्यकालीन से सुबह की पाली का बनेगा, उसका नाम भी बदलेगा। एक साथ इन कॉलेजों को सुबह की पाली में किया जाना मुमकिन नहीं, लिहाजा इन्हें एक-एक करके किया जाएगा।
डॉक्टर शर्मा ने बताया कि राम लाल आनंद कॉलेज को सुबह करने के लिए आंतरिक बातचीत हो चुकी है। जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर डीयू प्रशासन को भेजा जाएगा। प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद ही अन्य औपचारिकताओं को पूरा किया जाएगा। उसके बाद कॉलेज की गवर्निंग बॉडी तय करेगी कि इसमें नए संसाधन विकसित किए जाएं या फिर पुराने संसाधनों के साथ ही चलाया जाए। गौरतलब है कि डीयू में दस सांध्यकालीन कॉलेज हैं। इनमें कुछ दिन की पाली में परिवर्तित हो चुके हैं और कुछ को परिवर्तित करने की प्रक्रिया जारी है।