नई दिल्ली। सदर बाजार इलाके में हत्यारोपी पर उसके चचेरे भाई व उसके दोस्तों ने जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित 12 अक्तूबर को पैरोल पर जेल से बाहर निकला है। पुलिस घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराकर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का प्रयास का मामला दर्ज किया है।
राहुल (31) सपरिवार बस्ती जुलाहान मेें रहता है। वह 12 अक्तूबर को हत्या के मामले में पैरोल पर जेल से बाहर आया है। राहुल ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार रात उसके चचेरे भाई मनोज ने इलाके के लकड़ी पेटी के गोदाम में पार्टी करने के लिए बुलाया। वहां पर मनोज के दो दोस्त विवेक और कुणाल मौजूद थे।
खाना खाने के दौरान मनोज ने उससे कहा कि नंदू मेरा दुश्मन है। उससे क्यों बात करते हो। इस पर मनोज से राहुल की कहासुनी हो गयी। राहुल खाना छोड़कर वहां से जाने लगा। इसी दौरान मनोज के दोस्तों ने उसे पीछे से पकड़ लिया। फिर मनोज ने राहुल के सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। उसके दोस्तों ने लात घूंसों से राहुल पर हमला कर दिया। राहुल के शोर मचाने पर उसका भाई अर्जुन वहां पहुंच गया। अर्जुन को देखकर सभी आरोपी फरार हो गये।