-मरीजों से संवाद करते हुए सेवाओं की समीक्षा की, महिला स्वास्थ्य और नारी शक्ति को दिया बढ़ावा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (वीएमएमसी) एवं सफदरजंग अस्पताल में चल रहे अभियान स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविर का दौरा किया। यह शिविर विशेष रूप से महिलाओं और लड़कियों के लिए आयोजित किया गया है। ऐसे में उन्होंने मरीजों से संवाद किया, सेवाओं की समीक्षा की। महिला स्वास्थ्य और सशक्तीकरण को मजबूत करने वाली पहलों को बढ़ावा दिया। यह शिविर निवारक स्वास्थ्य और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ और सशक्त देश के निर्माण के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए आयोजित किया गया है।
स्वराज ने मरीजों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के अनुभवों को सुना और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने किशोरियों और महिलाओं को सैनिटरी नैपकिन वितरित किए। मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया। महिला सशक्तीकरण पर केंद्रित इस दौरे में सांसद स्वराज ने शिविर में प्रतिदिन आयोजित हो रहे योग सत्रों, गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग, मानसिक स्वास्थ्य कल्याण सत्रों व टीबी जागरूकता अभियान के लिए स्वास्थ्य टीम की सराहना की। सभी महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सूचित, सतर्क और सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि सशक्त महिलाएं ही एक मजबूत और विकसित देश की रीढ़ हैं।