दिल्ली में कोरोना संक्रमित रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में 600 से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, केंद्र सरकार ने संक्रमण प्रसार पर दिल्ली सरकार को चिट्ठी लिखकर चिंता जताई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दिल्ली में बीते दो सप्ताह के दौरान कोरोना मरीजों की संख्या में करीब तीन गुना की बढ़ोतरी हुई है।
बहरहाल इस साल जनवरी माह के बाद पहली बार कोरोना संक्रमण के मामलों में उछाल देखने को मिल रहा है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि पिछले एक दिन में 632 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 414 मरीजों को छुट्टी दी गई। इस दौरान 14299 नमूनों की जांच में 4.42 फीसदी कोरोना संक्रमित मिले। जबकि सोमवार को 7.72 फीसदी नमूने संक्रमित मिले थे।
छह दिन में 2671 संक्रमित
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दिल्ली सरकार को लिखी चिट्ठी में बताया है कि 12 अप्रैल वाले सप्ताह में जहां 998 लोग कोरोना संक्रमित मिले। वहीं इसके बाद से अब तक राजधानी में 2671 लोग छह दिन में ही संक्रमित मिल चुके हैं। इसके साथ ही दिल्ली में कोरोना की साप्ताहिक संक्रमण दर भी 1.49 से बढ़कर 3.49 फीसदी तक पहुंची है जो सीधे तौर पर हालात चिंताजनक बता रही है। केंद्र ने दिल्ली स्वास्थ्य विभाग से तत्काल जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ाने और जांच के साथ साथ कोरोना मरीजों के प्रबंधन पर जोर देने के लिए कहा है।