नई दिल्ली। राजधानी में रविवार को चार महीने बाद कोरोना संक्रमण के चार हजार से ज्यादा मामले मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बीते 24 घंटे में 4033 लोगों में संक्रमण की पुष्टि की, जबकि 21 मरीजों की मौत हो गई। पिछले साल 4 दिसंबर के बाद ऐसा पहली बार है, जब एक दिन में चार हजार से ज्यादा मरीज मिले हैं, वहीं, मौत का आंकड़ा भी तीन माह बाद 20 से ज्यादा हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, रविवार को 2677 रोगियों को छुट्टी दी गई। दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या अब 6,76,414 हो गई है। इनमें से 6,51,351 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कुल 11,081 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना से मृत्युदर 1.64 फीसदी है और कुल संक्रमण दर 4.54 प्रतिशत है। सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 13,982 हो गई है। इनमें से 2,727 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। कोविड केयर सेंटरों में 78 और होम आइसोलेशन में 7144 रोगियों का इलाज किया जा रहा है।
विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 86,899 लोगों की जांच की गई। आरटीपीसीआर से 54,472 और रैपिड एंटीजन प्रणाली से 32,427 टेस्ट हुए। अब तक 1 करोड़ 49 लाख 77 हजार नमूनों की जांच हो चुकी है। कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 2,917 हो गई है। एक दिन में 250 से ज्यादा रेड जोन बनाए गए हैं।