तिहाड़ जेल में एक विचाराधीन कैदी की कोरोना से मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार 43 वर्षीय कैदी मोहम्मद अनीश सोमवार को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। ये कैदी 2019 से ड्रग तस्करी केस में जेल में था। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसे जेल के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
जेल महानिदेशक संदीप गोयल ने बताया कि मंगलवार सुबह उसकी हालत बिगड़ने पर दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहां दोपहर को उसकी मौत हो गई थी। पिछले साल कोरोना महामारी शुरू होने के बाद ये जेल में कोरोना से तीसरी मौत है। गत वर्ष मंडोली जेल में 15 जून और 14 जुलाई को एक-एक कैदी की कोरोना से मौत हो गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार जेल में मार्च 2021 से अब तक 267 कैदी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें से 22 ठीक हो चुके हैं जबकि 245 सक्रिय मरीज हैं।
इस अवधि में 92 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से एक मरीज ठीक हो चुका है जबकि 91 सक्रिय मरीज हैं। जेल में कोरोना संक्रमण का पहला मामला रोहिणी जेल में 13 मई 2020 को सामने आया था।