राजधानी में किशोर टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार ने स्कूलों में टीकाकरण केंद्र खोलने का फैसला लिया है। बीते 3 जनवरी से दिल्ली में किशोरों को वैक्सीन की खुराक दी जा रही है। अब तक 3.50 लाख से भी ज्यादा किशोर वैक्सीन की पहली खुराक हासिल कर चुके हैं।
बृहस्पतिवार को दिल्ली सरकार ने सभी जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि 20 स्कूलों में 15 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों को वैक्सीन देने के लिए अस्थायी टीकाकरण केंद्र शुरू हो। इसके बाद शिक्षा निदेशालय ने भी सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए। इसमें निदेशालय ने लिखा है कि सभी डीडीई (जिले) और डीडीई (जोन) 20 स्कूलों में किशोरों के लिए अस्थायी टीकाकरण केंद्र खोलें, जहां स्कूल स्वास्थ्य क्लीनिक संचालित किए जा रहे हैं।
दिल्ली सरकार ने आदेश में कहा है कि अधिकारियों को टीकाकरण केंद्र स्थापित करने के लिए जिलाधिकारियों के साथ समन्वय करना है। टीकाकरण केंद्रों के लिए स्कूल के प्रधानाचार्यों द्वारा अलग से पर्याप्त जगह उपलब्ध कराई जाएगी। सभी डीडीई (जिले) और डीडीई (जोन) अपने अधिकार क्षेत्र के तहत टीकाकरण केंद्रों का दौरा करेंगे और दैनिक आधार पर टीकाकरण प्रक्रियाओं की जांच करेंगे।