बीते 62 सालों में दिल्ली में 33 बार जुलाई में मानसून की पहली बारिश दर्ज हुई है। वहीं, जून में कुल 29 बार मानसून ने दस्तक दी। अब तक दिल्ली में सबसे देरी से मानसून 26 जुलाई 1987 को आया था। वहीं सबसे जल्दी मानसून आने का रिकॉर्ड नौ जून 1961 को है। अब तक 20 बार मानसून नेे 27 जून से पहले दस्तक दी है। वर्ष 1960 से लेकर अब तक केवल चार बार ही मानसून 13 जुलाई के बाद दिल्ली पहुंचा है। वर्ष 2002 में मानसूून ने 19 जुलाई को दस्तक दी थी। इसके अलावा 1982 व 1991 में 14 जुलाई को मानसून की शुरुआत हुई थी।
संतोषजनक श्रेणी में पहुंची दिल्ली-एनसीआर की हवा
मानसून की पहली बारिश के साथ दिल्ली-एनसीआर की हवा मंगलवार को संतोषजनक श्रेणी में दर्ज हुई। अगले तीन दिन तक हवा की गुणवत्ता में बदलाव होने की संभावना नहीं है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 80 रहा। फरीदाबाद का एक्यूआई 69, गाजियाबाद का 69, ग्रेटर नोएडा का 67, गुरुग्राम का 63 व नोएडा का 63 रहा। सफर इंडिया के मुताबिक, मानसून की वजह से हवा में सुधार हुआ है। पिछले 24 घंटे में हवा में पीएम10 का स्तर 73 व पीएम2.5 का स्तर 32 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रहा।