उत्तरी दिल्ली के कोतवाली इलाके में एक झपटमार मोबाइल झपटने के बाद उससे सेल्फी लेने की गलती कर बैठा। पुलिस ने गूगल ड्राइव की मदद से उसे दबोच लिया। गाजियाबाद के लोनी अंतर्गत राम पार्क निवासी सलमान उर्फ गंजा (23) के पास से झपटे गए नौ मोबाइल बरामद हुए हैं। उसकी गिरफ्तारी से झपटमारी के नौ मामले सुलझे हैं। जेल में बंद सलमान जून में जमानत पर बाहर आया था।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि 16 अगस्त को कोतवाली इलाके में बदमाश ने एक युवक से मोबाइल झपट लिया था। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की गई। स्थानीय पुलिस के अलावा थाने की साइबर सेल ने भी मामले की जांच की।
पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके झपटे गए मोबाइल से किसी ने सेल्फी ली है। गूगल ड्राइव पर एक फोटो आई है। साइबर टीम ने फोटो की जांच कर एक मोबाइल नंबर का भी पता लगा लिया। इसके बाद पुलिस ने लोनी में छापामारी कर रविवार को आरोपी दबोच लिया। उसके पास से लूटा गया मोबाइल और आठ अन्य मोबाइल बरामद हुए। आरोपी ने बताया कि उसने मोबाइल लूटने के बाद उससे एक सेल्फी ले ली थी।