नई दिल्ली। पूर्व मिस वर्ल्ड और बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के अंकल से मॉडल टाउन इलाके में स्कूटी सवार दो बदमाशों ने चाकू दिखाकर मोबाइल लूट लिया। प्रियंका चोपड़ा की चचेरी बहन व एक्ट्रेस मीरा चोपड़ा ने बुधवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी तो उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस हरकत में आई।
जिले की पुलिस उपायुक्त विजयंता आर्य ने बताया कि झपटमारी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस आईएमईआई और सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने मीरा चोपड़ा के पिता सुदेश चोपड़ा से भी जानकारी मांगी है।
पुलिस के मुताबिक मीरा चोपड़ा के पिता व अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के चाचा सुदेश चोपड़ा परिवार के साथ ई-ब्लॉक मॉडल टाउन में रहते हैं। मंगलवार शाम को वह घर से टहलने के लिए निकले थे। इस बीच सवा छह बजे वह प्रिंस रोड, कल्याण विहार, मॉडल टाउन के पास पहुंचे। तभी स्कूटी सवार दो बदमाश वहां आए और सुदेश को चाकू दिखाकर उनका कीमती मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिवार ने मामले की शिकायत उस समय पुलिस से नहीं की। बुधवार सुबह मीरा चोपड़ा ने ट्वीट किया तो पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने फौरन मामला दर्ज कर लिया। चूंकि मामला अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा से जुड़ा हुआ है। ऐसे में पुलिस की कई टीमें आरोपी बदमाशों की तलाश कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा। पुलिस अधिकारी कुछ अहम सुराग हाथ लगने की भी बात कर रहे हैं।