मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में खुद को पुलिसकर्मी बताकर बदमाशों ने ज्वेलर को जांच के लिए रोका। बातों में उलझाकर आरोपियों ने पीड़ित के बैग से 15 लाख रुपये के हीरे उड़ा लिये। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित विभोर सिंगला (27) की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पीड़ित ने बताया है कि वारदात को चार से पांच आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक विभोर सिंगला परिवार के साथ चांदनी चौक इलाके में रहता है। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं।
विभोर का हीरे और जेवरात का होलसेल का कारोबार है। सोमवार दोपहर के समय वह हीरे और जेवरात लेकर करोल बाग में एक पार्टी के पास गया था। वहां नवीन नामक कारोबारी को उसने बिडनपुरा इलाके में सैंपल दिए। वहां से करीब दो बजे उसने गली नंबर-34 से एक ऑटो लिया और उसमें सवार होकर वह घर की ओर जाने लगा।
अजमल खां रोड के पास गंगेश्वर मार्ग पर पहुंचने पर काले रंग की बाइक पर सवार दो लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उसके ऑटो को रुकवा लिया। एक आरोपी ने बताया कि गांजे की चोरी हुई है। वह उसकी जांच कर रहे हैं। बातचीत के बाद आरोपियों ने उसके ऑटो में बैग लिये एक सवारी को और बिठा दिया।