शिवाजी ब्रिज पर खड़ी जीटी एक्सप्रेस के एसी कोच में घुसे बदमाश ने महिला पर रॉड से हमला कर लूटपाट की। पीड़िता के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया। आरोपी युवक की तलाश में पुलिस जुट गई है।
नई दिल्ली के शिवाजी ब्रिज पर खड़ी जीटी एक्सप्रेस में बदमाश ने एसी कोच में घुसकर एक महिला पर धावा बोल दिया। आरोपी ने लोहे की रॉड से पीड़िता के सिर पर वारकर उसका सोने का मंगलसूत्र लूट लिया और फरार हो गया। हमले में महिला बुरी तरह जख्मी हो गई। ट्रेन के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने पर महिला का इलाज करवाया गया। बाद में उसका बयान लेकर पुलिस ने लूटपाट की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उनको कुछ सुराग मिले हैं। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।
विज्ञापन
63 वर्षीय पीड़िता एन सावित्री परिवार के साथ अन्ना नगर चेन्नई में रहती है। मंगलवार को वह जीटी एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच में सवार होकर दिल्ली आ रही थीं। ट्रेन दिल्ली पहुंचकर शिवाजी ब्रिज पर खड़ी हो गई। सुबह करीब 6.20 बजे वह ब्रश कर रही थी। इस बीच उनके कोच में एक अज्ञात शख्स चढ़ गया। आरोपी ने सावित्री को अकेला देखकर उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
इस हमले में सावित्री बुरी तरह जख्मी हो गई। इसके बाद आरोपी ने उनके गले से मंगलसूत्र तोड़ा और ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। इस बीच ट्रेन चल पड़ी। कुछ देर में ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। घायल महिला ने पहले न्यू रेलवे सेंट्रल अस्पताल पहुंचकर अपना इलाज करवाया। बाद में पुलिस को बयान देकर महिला ने मामला दर्ज करवाया। महिला का कहना है कि वह अपने रिश्तेदार के यहां दिल्ली आई थी। पुलिस उनसे पूछताछ कर आरोपी के हुलिए का पता लगाने का प्रयास कर रही है।