पुलिस ने वारदात में शामिल सात नाबालिगों को पकड़ा
फ्लिपकार्ट से चाकू मंगवाकर वारदात को दिया अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सुभाष प्लेस के शकूरपुर इलाके में नाबालिगों ने आपसी विवाद में किशोर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी तेजपाल सिंह मौके पर पहुंचे और घायल शाहिद को पास के अस्पताल लेकर गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है।
मामले की जांच करते हुए पुलिस ने वारदात में शामिल सात नाबालिगों को पकड़ लिया। आरोपियों ने फ्लिपकार्ट से चाकू मंगवाकर वारदात को अंजाम दिया था। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि 15 मई की रात सुभाष प्लेस थाना पुलिस को शकूरपुर के एच-ब्लॉक मस्जिद वाली गली के पास स्थित चिल्ड्रन पार्क में एक लड़के पर चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पहुंचे। 16 साल के शाहिद के कमर में चाकू धंसा हुआ था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की जांच करने के बाद सभी आरोपियों की पहचान कर सात नाबालिगों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका शाहिद से पुराना विवाद था।