नई दिल्ली। द्वारका-राजीव चौक सेक्शन पर आई तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार सुबह करीब दो घंटे तक मेट्रो सेवाएं प्रभावित रहीं। इस वजह से दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के अधिकारियों के मुताबिक दो घंटे तक सेवाएं प्रभावित रहने के बाद सामान्य हो गईं। हालांकि अन्य सभी लाइन पर मेट्रो सेवा सामान्य रही।
ब्लू लाइन पर द्वारका से नोएडा सिटी सेंटर के बीच उत्तम नगर के पास ट्रैक सर्किट में आई तकनीकी खराबी की वजह से मेट्रो की आवाजाही प्रभावित रही। मेट्रो के रुक रुककर चलने से भी लोगों को राजीव चौक से द्वारका के बीच देरी का सामना करना पड़ा। डीएमआरसी ने ट्वीट कर जानकारी दी कि द्वारका से राजीव चौक के बीच मेट्रो रुक-रुक कर चली।
डीएमआरसी के मुताबिक सुबह के वक्त ब्लू लाइन की अप लाइन पर उत्तम नगर पश्चिम स्टेशन से द्वारका की ओर से उत्तम नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक ट्रैक सर्किट में आई तकनीकी खराबी की वजह से मेट्रो देर हुई। करीब 11 बजे ब्लू लाइन पर सेवाएं सामान्य हो गईं।