नई दिल्ली। वसंत विहार इलाके में तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने बृहस्पतिवार देर रात स्कूटी सवार एंटोनी जोसेफ (55) को रौंद दिया। दोस्तों के साथ मौज-मस्ती करने निकले 19 वर्षीय आर्यन जैन ने स्कूटी सवार को कार के साथ काफी दूर तक घसीटा। इसके बाद भागने के प्रयास में उन पर कार चढ़ा दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने एंटोनी जोसेफ को मृत घोषित कर दिया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची वसंत विहार पुलिस ने मामला दर्ज कर आर्यन को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। मर्सिडीज कार भी जब्त कर ली गई है। आर्यन के पास अभी लर्निंग लाईसेंस ही है। उसके पिता हीरे के व्यवसायी हैं।
दक्षिण-पश्चिमी जिला डीसीपी इंगित प्रताप सिंह ने बताया कि मूलत: यूपी में गोरखपुर निवासी एंटोनी जोसेफ वसंत विहार निवासी अमेरिकी एंबेसी के अधिकारी के घर में सर्वेंट क्वार्टर में पत्नी के साथ रहते थे। उनकी पत्नी अमेरिकी अधिकारी के घर में कुक है। वह करीब 30 वर्ष पहले गोरखपुर से दिल्ली आ गए थे। उनका बेटा वसंत कुंज में रहता है।
बृहस्पतिवार रात वे उसके घर से लौट रहे थे। रात करीब पौने बारह बजे पूर्वी व पश्चिमी मार्ग को अलग करने वाले चौराहे पर वे स्कूटी से मुडे़ तो सामने से आ रही तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आर्यन जैन ने भागने के प्रयास में सड़क पर पड़े एंटोनी के ऊपर कार चढ़ा दी। पुलिस ने एंटोनी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से कार का नंबर मिल गया और उसके आधार पर आरोपी की पहचान हो गई। पुलिस ने घर जाकर आर्यन जैन को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उसे वसंत विहार थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया गया।
आर्यन बाथ विश्वविद्यालय, यूके से पढ़ाई कर रहा है। वह अपने दो दोस्तों के साथ गुरुग्राम से लौट रहा था। कार में मौजूद उसका दोस्त समर्थ इंजीनियरिंग का छात्र है और द्वारका स्थित एनएसयूटी में पढ़ता है। उसके पिता की मानेसर में कैमिकल फैक्टरी है। दूसरा दोस्त भारत डीसीएसी डीयू का प्रथम वर्ष का छात्र है। उसके पिता का फूड प्रोडक्शन का व्यवसाय है। ये गुरुग्राम ड्राइव पर गए थे और घटना के समय लौट रहे थे। ये 15 मिनट पहले ही गुरुग्राम से चले थे। सभी की उम्र करीब 19 वर्ष है। सभी स्कूल के स्मय से दोस्त हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी आर्यन के पास अभी लर्निंग लाइसेंस है और गाड़ी पर बड़े अक्षरों में उसके लर्निंग लाइसेंसधारी होने का चिन्ह भी नहीं बना था। ऐसे में पुलिस कई कोण से जांच कर रही है।
एंटीनो के बेटे ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान उनकी नौकरी चली गई थी। वे इन दिनों नौकरी की तलाश कर रहे थे। एंटीनो ट्रेवल एजेंसी में काम करते थे, जो लॉकडाउन के दौरान बंद हो गई थी।