दिल्ली के शादिकनगर रेड लाइट के पास रोड दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत।
- फोटो : Ashram
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-एक में सादिक नगर के पास बीती रात एक रईसजादे ने मर्सिडीज कार से रेडलाइट जंप कर सीआरपीएफ की कैब में टक्कर मार दी। इसके बाद कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पोल से टकराकर रुक गई। इससे कैब में सवार सीआरपीएफ के एक सिपाही मौत हो गई, जबकि दो जवान घायल हो गए। ग्रेटर कैलाश थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर मर्सिडीज चला रहे लंदन में पढ़ रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वह छुट्टियों में दिल्ली आया था। बताया जा रहा है कि जान गंवाने वाले सिपाही नरेंद्र की ड्यूटी प्रधानमंत्री की सुरक्षा में थी।
दक्षिण जिला डीसीपी विजय कुमार के अनुसार, सड़क दुर्घटना अर्चना कांप्लेक्स के पास सादिक नगर रेडलाइट पर (बीआरटी रोड) बृहस्पतिवार रात करीब 10:59 बजे हुई। मॉडन टाउन-दो निवासी सानिध्य गर्ग (19) सीरी फोर्ट रोड से सादिक नगर रेडलाइट के तरफ आ रहा था। कैब मूलचंद की ओर से चिराग दिल्ली की तरफ जा रही थी। सानिध्य ने रेडलाइट जंप की और कैब को जबदस्त तरीक से टक्कर मार दी। कैब को टक्कर मारने के बाद मर्सिडीज डिवाइडर और उसके बाद लाइट के पोल से टकराई। कैब में बैठे सीआरपीएफ के तीन सिपाही सेक्टर-4, पुष्प विहार निवासी विनोद कुमार, पुष्प विहार में रह रहा और मूल रूप से झुंझून राजस्थान निवासी बाबूलाल यादव और किशनगढ़ राजस्थान निवासी नरेंद्र घायल हो गए। तीनों को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार दोपहर नरेंद्र की मौत हो गई।
ग्रेटर कैलाश-एक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सानिध्य गर्ग को मौके से गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच में सानिध्य के शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है। सानिध्य लंदन से कॉमर्स की पढ़ाई कर रहा है और छुट्टियां बिताने दिल्ली आया हुआ था। उसके पिता का सेक्टर-दो नोएडा में आयरन का बड़ा व्यवसाय है। विनोद कुमार की शिकायत सानिध्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कैब विनोद कुमार के भाई की है। विनोद नरेंद्र व बाबूलाल के साथ मूलचंद की ओर गए थे और वहां से लौट रहे थे। कैब को विनोद कुमार ही चला रहा था। विनोद कुमार व बाबूलाल का एम्स के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। हादसे में दोनों कारों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं।