मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में बुधवार को एनडीएमसी की बैठक में कई प्रस्ताव पास किए गए। इनमें इलाके की जनता को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और अधिकारियों को प्रमोशन देने के प्रस्ताव शामिल हैं।
इसकी जानकारी देते हुए एनडीएमसी के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने बताया कि बैठक में सरोजिनी नगर मार्केट स्थित फ्लैटों के संबंध में क्षति शुल्क की गणना के लिए आवासीय दर लागू करने का प्रस्ताव पास किया।
वहीं, श्रीमंत माधव राव सिंधिया मार्ग व टेलीग्राफ लेन से कस्तूरबा गांधी मार्ग तक स्ट्रक्चरल लाइनर विधि से मौजूदा 600 मिमी व्यास की आरसीसी सीवर लाइन को बदलने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी। इसके अलावा सांख्यिकी सहायक के पद के लिए आरआर में शिक्षा योग्यता में संशोधन किया।
बैठक में एनडीएमसी के सदस्य गिरीश सचदेवा और विशाखा सैलानी भी उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने एनडीएमसी के अध्यक्ष भूपिंदर सिंह भल्ला को शपथ दिलाई। उनको हाल ही में एनडीएमसी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
रद्द हो सीएम की सदस्यता : चहल
बैठक में भाजपा नेता व एनडीएमसी सदस्य कुलजीत चहल ने कहा कि मुख्यमंत्री एनडीएमसी के सदस्य हैं और वह लगातार चार बैठकों में उपस्थित नहीं हुए थे। इस कारण केंद्र से उनकी सदस्यता रद्द करने की सिफारिश की जाए।
उधर, जानकारों का कहना है कि चहल की ओर से की उठाए गए मुद्दे के दायरे में नई दिल्ली इलाके के जनप्रतिनिधि नहीं आते है। एक्ट के अनुसार नई दिल्ली इलाके के जनप्रतिनिधि एनडीएमसी के पदेन सदस्य होते है और उनकी सदस्यता रद्द करने का कोई प्रावधान नहीं है।