नई दिल्ली। बिंदापुर थाना पुलिस ने ऑनलाइन भुगतान का फर्जी मैसेज दिखाकर एक ज्वेलर से हजारों रुपये के गहने ठगने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से दस हजार रुपये बरामद किए हैं जो उसे गहने बेचने से मिले थे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तरह वह कितने दुकानदारों से ठगी कर चुका है।
जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि आरोपी की पहचान साउथ एक्सटेंशन निवासी ताहिर अमीन बहादुर (42) के रूप में हुई है। पिछले साल 6 नवंबर को एक ज्वेलर ने बिंदापुर थाने में ठगी की शिकायत की थी। शिकायतकर्ता सिद्धांत वर्मा ने बताया कि उसका नजफगढ़ रोड पर जूलरी की दुकान है। ताहिर नाम का व्यक्ति उसके दुकान पर खरीदारी करने आया। उसने 87 हजार के गहने खरीदे। उसके बाद उसने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही और अपने व्हाट्सएप पर भुगतान का एक मैसेज दिखाकर गहने लेकर चला गया।
ज्वेलर को बाद में पता चला कि उसके खाते में पैसे नहीं आए। पुलिस ने छानबीन शुरू की। इस दौरान दुकानदारों ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई नहीं होता देख आरोपी फिर से ऐसी ही वारदात को अंजाम देने आ सकता है। रविवार को आरोपी ने फिर से एक दुकान पर इसी तरह ठगी करने की कोशिश की। इस बार दुकानदारों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।