नई दिल्ली। स्पेशल सेल की साइबर क्राइम सेल ने चुनाव आयोग से मिलती जुलती फर्जी वेबसाइट बनाकर पांच हजार लोगों से ठगी करने वाले शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विशेष जागीर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से झुंझनू राजस्थान का रहने वाला है। वह बी.कॉम है और सर्टिफाइड फाइनेंसियल प्लानर के तौर पर भी काम कर चुका है। पुलिस ने आरोपी के पास से लैपटॉप व मोबाइल भी जब्त किया है।
डीसीपी साइबर क्राइम सेल अन्येष राय ने बताया कि चुनाव आयोग की ओर से शिकायत मिली थी कि फर्जी वेबसाइट के माध्यम से वोटर कार्ड रिन्यू कराने के नाम पर प्रत्येक शख्स से पांच सौ रुपये वसूले जा रहे हैं। यह जानकारी मिलने पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर राजस्थान से दबोच लिया। आरोपी ने बताया कि उसने रमेश नगर इलाके में किराए का ऑफिस ले रखा था। वह करीब पांच हजार लोगों को ठग चुका है। हाल ही में उसने केंद्रीय सरकार से जुड़ी एक दूसरी वेबसाइट बनाई थी।