अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवती का अश्लील फोटो पोस्ट करने वाले साइबर स्टॉकर मोहम्मद साहिद को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से अपराध में इस्तेमाल किया गया एक स्मार्टफ़ोन बरामद किया है। आराेपी साइबर स्टॉकर ने अपनी पूर्व महिला कर्मचारी की तस्वीर को प्रोफाइल फोटो के रूप में इस्तेमाल करके फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था। इसके बाद वह इस आईडी से युवती की अश्लील फोटो पोस्ट करने लगा ताकि वह उससे मोटी रकम ऐंठ सके।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया, जिले की साइबर थाना पुलिस को 23 सितंबर, 2025 को पीड़ित युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी। मामला दर्जकर साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवेश कौशिक और एसआई प्रियंका की टीम ने फर्जी अकाउंट के डिजिटल फुटप्रिंट का विश्लेषण किया और डिजिटल प्लेटफॉर्म से महत्वपूर्ण विवरण प्राप्त किए। तकनीकी निगरानी से पता चला कि फर्जी अकाउंट आईएमटी मानेसर, हरियाणा क्षेत्र से संचालित किया जा रहा था। टीम ने मानेसर, हरियाणा में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपी को 27 अक्तूबर को गिरफ्तार कर लिया। इसके स्मार्टफोन में फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट सक्रिय पाया गया है। मूलरूप से मधुबनी बिहार का रहने वाला आरोपी साहिद हरियाणा के मानेसर में एक छोटी फैक्ट्री में काम करता है। जहां पीड़िता कुछ समय के लिए कार्यरत थी।