तीन हजार का फोन लेने के चक्कर में गए सात लाख रुपये
नई दिल्ली। ऑनलाइन एप पर पुराना फोन बेचने का झांसा देकर बदमाशों ने युवक से विभिन्न मदों के नाम पर सात लाख रुपये ऐंठ लिए। तीन हजार रुपये के फोन को खरीदने के लिए सब्जी मंडी इलाके के युवक को इतनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ी। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने सब्जी मंडी थाने में इस बाबत मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस के अनुसार समीर रावत सपरिवार सब्जी मंडी इलाके में रहता है। वह हिंदू राव अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है। अप्रैल माह में उसने ऑनलाइन एप पर एक मोबाइल देखा जिसकी कीमत तीन हजार रुपये रखी गई थी। मोबाइल खरीदने के लिए समीर ने उसमें दिए नंबर पर संपर्क किया। उसकी बात अजय और राहुल नाम के युवक से हुई। उन लोगों ने समीर को अपनी बातों में उलझा लिया। उन्होंने बताया कि फोन खरीदने के लिए पहले उसे एनओसी लेनी होगी। इसके लिए उसे पैसे देने होंगे।
आरोपियों ने कभी रजिस्ट्रेशन फीस तो कभी सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर ठगी करना शुरू कर दिया। समीर ने जब पैसे नहीं होने की बात कही और अपने पैसे लौटाने के लिए कहा तो आरोपियों ने उसे बिना पूरी प्रक्रिया हुए पैसे लौटाने से वापस कर दिया। साथ ही कहा कि पैसे नहीं देने पर पूरे पैसे फंड में जमा हो जाएंगे। उसके बाद समीर ने अपने पिता और परिचितों से उधार लेकर उन्हें पैसे दिए। दो महीने तक इस तरह की ठगी होने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।