द्वारका इलाके में बृहस्पतिवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने कैश वैन चालक और गनमैन को अगवा कर 80 लाख रुपये लूट लिए। सूचना पर आनन-फानन में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच कर ही रही थी कि द्वारका सेक्टर-11 में वैन मिल गई। उसके पास ही चालक और गनमैन घायल अवस्था में पड़े मिले। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। द्वारका साउथ थाना पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक एटीएम में रुपये डालने वाली कंपनी एसआईपीएल के चार कर्मचारी बृहस्पतिवार दोपहर नारायणा से कैश वैन लेकर निकले थे। वैन में दो कैशियर विकास व नरेंद्र, गनमैन विजय कांत मिश्रा और चालक धीरज मौजूद थे। चार जगह रुपये डालने के बाद वह द्वारका सेक्टर 6 स्थित मनीपाल अस्पताल में स्थित यस बैंक के एटीएम में पहुंचे।
अस्पताल के दूसरी तरफ वैन लगाने के बाद दोनों कैशियर एटीएम में रुपये डालने चले गए। जब दोनों कैशियर बाहर आए तो उन्हें वैन वहां नहीं मिली।
कैशियरों ने तुरंत इसकी जानकारी कंपनी के अधिकारियों और पुलिस को दी। कैश वैन के गायब होने की जानकारी मिलते ही अफरा-तफरी मच गई। तुरंत पुलिस की कई टीमें बनाकर छानबीन शुरू कर दी। घायल अवस्था में मिले चालक और गनमैन ने पुलिस को बताया कि दो बाइक सवार बदमाशों ने चाकू दिखाकर उन्हें अगवा कर लिया था।
सेक्टर 11 के पास सुनसान जगह पर दोनों की पिटाई कर बदमाश रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराया और उनके बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला पुलिस उपायुक्त ऐंटो अल्फोंस का कहना है कि शुरुआती जांच में वैन में 80 लाख रुपये होने की जानकारी मिली है।
चालक और गनमैन पर शक , पूछताछ जारी
पुलिस को चालक और गनमैन के बयान पर भरोसा नहीं है। कई अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। अस्पताल से लेकर जहां वैन मिली, वहां तक के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गनमैन के पास हथियार था। ऐसे में बदमाश उसे चाकू लगाकर कैसे अगवा कर सकते हैं।
वैन को सड़क पर दूसरी ओर लगाने से शक गहराया
शुरुआती जांच में पता चला है कि अस्पताल के अंदर ले जाने की बजाए वैन को सड़क पर दूसरी ओर लगाया गया था। ऐसा क्यों किया गया, इस संबंध में चालक से पूछताछ की जा रही है। चालक और गनमैन के फोन की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही हैं। वारदात से पहले जिन एटीएम मेें रुपये डाले गए थे, उनकी फुटेज भी देखी जा रही है। पुलिस को आशंका है कि बदमाश उनका पीछा कर रहे थे या फिर उन्हें बुलाकर वारदात को अंजाम दिया गया है।
पूर्व में हुईं कैश वैन से संबंधित वारदात
10 मई 2019 : पुल प्रहलादपुर में कैश वैन लूट के प्रयास के दौरान गार्ड ने चलाई गोली। एक बदमाश की मौत, बाद में दूसरे को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
08 अक्तूबर 2018 : मयूर विहार इलाके में डीएनडी फ्लाईओवर पर दो कार सवार बदमाशों ने कैश वैन लूटी। सिर में गोली लगने से गनमैन की मौत। कैश लूटने में सफल नहीं हुए बदमाश, छोड़कर भागे।
26 अप्रैल 2018: रोहिणी जिले के नरेला में सिस कंपनी की कैश वैन में कैशियर और गार्ड की हत्या कर बदमाशों ने 12 लाख रुपये लूटे।
24 अप्रैल 2018: रोहिणी जिले के शाहबाद डेयरी इलाके में बदमाशों ने सीएमएस कंपनी की कैश वैन में लूटपाट के दौरान गार्ड और कैश लोडर को गोली मारी, पर कैशवैन नहीं लूट सके।
04 फरवरी 2018 : रोहिणी जिले के विजय विहार में पारस दूध कारोबारी के यहां कैश लेने गई वैन से बदमाशों ने 11 लाख रुपये लूट। कैशियर को गोली मारकर किया घायल।
24 जून 2017 : उत्तर-पश्चिम जिले के भलस्वा डेयरी इलाके में बदमाशों ने कैश वैन से 12 लाख रुपये लूटे। गार्ड को गोली मारकर किया जख्मी।